शहर में कल रात से भारी बारिश हो रही है। मूसलधार बारिश की वजह से मंदसौर के निचले इलाकों में जलजमाव होने की खबर है। नाहरगढ थाना क्षेत्र के भूखी गांव में भी गांव में नाले का पानी घुसने के कारण घरों में पानी भर गया है। कल रात से हो रही जोरदार बारिश के चलते आज सबह हरमाला बांध के 18 गेट खोल दिए गए हैं। शहर के मेघदूत नगर और यश नगर के बीच की पुलिया के ऊपर से पानी बह रहा है जिसके चलते रास्ता पूरी तरह से बंद हो गया है। दोनों कॉलोनियां का शेष शहर से संपर्क बाधित हो गया है। एक अन्य घटना में क्यामपुर के समीप रूपणी चौपाटी पर स्टेयरिंग फेल होने से एक बस खाई में उतर गई। हालांकि राहत की बात यह रही है घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। भारी बारिश के चलते मंदसौर कलेक्टर मनोज पुष्प ने मंदसौर जिले के मल्हारगढ़ व मंदसौर तहसील, मंदसौर व मल्हारगढ़ नगर पालिका, नगर परिषद के सभी स्कूलों की छुट्टी घोषित कर दी है। मिल रही जानकारी के अनुसार 24 घंटे में मन्दसौर में 5 इंच बारिश होने का अनुमान लगाया जा रहा है। मंबई में भी झमाझम दूसरी ओर मुंबई और पुणे में भी बारिश का दौर एक बार फिर शुरू हो गया है। मुंबई और पुणे डिविजन में भारी बारिश और जलजमाव की वजह से कई ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं। दूसरी ओर हिमाचल प्रदेश के कुल्लू के पास लारजी-सैंज के बीच पागल नाला में बाढ़ आने से यातायात प्रभावित हुआ है।
• मंदसौरमें मूसलधार, कई इलाके जलमग्न